जमशेदपुर | संवाददाता
भुइयाँडीह कल्याणनगर बस्ती में सोमवार को उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (पूर्व में जूसको) की टीम इलाके में अवैध पानी कनेक्शन को डिस्कनेक्ट करने पहुंची। टीम के पहुंचते ही स्थानीय लोग विरोध में जुट गए और करीब एक घंटे तक माहौल गर्म रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कल्याणनगर समेत आसपास की कई बस्तियों में पाइपलाइन बिछाकर वैध पानी कनेक्शन देने की अनुमति दी गई थी। बड़ी संख्या में लोगों ने इसके लिए फॉर्म भी जमा किया, लेकिन अब तक किसी को नियमित कनेक्शन प्रदान नहीं किया गया। इसी कारण लोग मजबूरी में अस्थायी (अवैध) कनेक्शन के सहारे पानी भर रहे हैं।
हंगामे की सूचना मिलने पर जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने बस्तीवासियों को शांत कराया और जूसको प्रबंधन से वार्ता की।
बैठक के बाद मिले अहम आश्वासन
गुंजन यादव ने बताया कि जूसको अधिकारियों के साथ बातचीत सकारात्मक रही। प्रबंधन ने निम्न फैसलों पर सहमति जताई—
अगले एक महीने तक किसी भी अवैध कनेक्शन को नहीं काटा जाएगा।
जूसको पानी कनेक्शन की प्रक्रिया को सरल करेगा।
बस्ती में विशेष कैंप लगाकर नए पानी कनेक्शन दिए जाएंगे।
जिन्होंने पहले से फॉर्म भर रखा है, उन्हें भी इसी अवधि में नियमित कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
इन आश्वासनों के बाद मौके पर तनाव शांत हुआ और लोग अपने घरों को लौट गए।