बहरागोड़ा संवाददाता (निलेश बेरा)
बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत पीएम श्री प्लस टू हाई स्कूल खांडामौदा में गुरुवार को करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा 10वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के साथ-साथ 12वीं पास छात्रों को भी करियर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के वरीय +2 शिक्षक मृणाल कांति घोष द्वारा की गई, जिन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके पश्चात प्रभारी प्रधानाचार्य कमल पडिहारी ने भी विद्यार्थियों को उनके भविष्य की योजनाओं को लेकर मार्गदर्शन दिया।
विशेष रूप से आमंत्रित प्रिजा फाउंडेशन से आए करियर काउंसलर मनोज कुमार पाठक ने विद्यार्थियों को बदलते समय में करियर की संभावनाओं, पाठ्यक्रम चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने छात्रों के सवालों का जवाब भी दिया और उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के अन्य वरीय शिक्षकों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।
छात्र-छात्राओं ने भी इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया और इसे भविष्य निर्माण के लिए उपयोगी बताया।