चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) :
चाकुलिया-धालभूमगढ़ मुख्य मार्ग पर सोमवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कमारीगोड़ा पेट्रोल पंप के समीप बांस से लदा एक ट्रैक्टर (संख्या जेएच 05 बीडी 9074) अनियंत्रित होकर सड़क के बीच पलट गया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर बेंद गांव से बांस लेकर मेम क्लब की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर संतुलन नहीं बना सका, जिससे ट्रैक्टर पलट गया। सड़क के बीचों-बीच ट्रैक्टर पलटने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लगभग एक घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन की मदद से ट्रैक्टर को सड़क से हटवाया। ट्रैक्टर हटाए जाने के बाद यातायात बहाल हुआ और स्थिति सामान्य हो सकी।