Responsive Menu
Add more content here...

श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र में 10 हजार सीएफटी अवैध बालू जब्त

Spread the love

चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह): चाकुलिया प्रखंड के श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदनपुर स्वर्णरेखा नदी घाट से बालू माफियाओं द्वारा लंबे समय से अवैध बालू खनन किया जा रहा था। खनन के बाद बालू को विभिन्न वाहनों के माध्यम से लगातार दूसरे स्थानों पर भेजा जा रहा था, जिससे सरकार को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा था।

सोमवार को माइनिंग इंस्पेक्टर अरविंद उरांव को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र में कैनाल के समीप बड़ी मात्रा में बालू अवैध रूप से स्टॉक कर रखा गया है। सूचना मिलते ही उन्होंने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस एवं खनन विभाग की टीम ने मौके से करीब 10,000 सीएफटी अवैध रूप से स्टॉक किया गया बालू जब्त किया। जब्त बालू को प्रशासनिक अभिरक्षा में ले लिया गया है।

श्यामसुंदरपुर थाना प्रभारी सुनील भोक्ता ने बताया कि अवैध रूप से संग्रहित बालू जब्त कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बालू का स्टॉक किसके द्वारा किया गया था। दोषियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन में शामिल माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।