घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल
चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत कूचियाशोली पंचायत के मातापुर गांव स्थित भद्रडांगा आदिवासी टोला में बिजली मीटर चोरी की एक गंभीर घटना सामने आई है। असामाजिक तत्वों ने टोला निवासी कांदन सोरेन और नानी मुर्मू के घरों से विद्युत विभाग द्वारा लगाए गए बिजली मीटर चुरा लिए, जिससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।
advertisment

रात के अंधेरे में वारदात को दिया अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार चोरों ने देर रात घरों में लगे मीटर को खोलकर बिजली लाइन को डायरेक्ट जोड़ दिया। इस दौरान घरवालों को किसी तरह की भनक नहीं लगी। कुछ समय के लिए बिजली बाधित होने पर लोगों ने इसे सामान्य लाइन कटने की समस्या समझा, लेकिन कुछ देर बाद आपूर्ति बहाल हो जाने से किसी को संदेह नहीं हुआ।
सुबह हुई चोरी की पुष्टि
अगली सुबह जब परिजनों ने घर के बाहर देखा तो बिजली मीटर गायब पाए गए। इसके बाद चोरी की घटना का खुलासा हुआ। मीटर चोरी की इस घटना से ग्रामीणों में नाराजगी है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
ग्रामीणों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि चोरों के हौसले इतने बढ़ चुके हैं कि अब वे घरों से बिजली मीटर तक चुरा रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है। इससे न केवल उपभोक्ताओं को परेशानी होती है, बल्कि उन्हें कानूनी उलझनों का भी सामना करना पड़ सकता है।
विद्युत विभाग को दी गई सूचना
घटना की जानकारी विद्युत विभाग के कनीय अभियंता सुशांत हेंब्रम को दूरभाष के माध्यम से दे दी गई है। ग्रामीणों ने विभाग एवं प्रशासन से मांग की है कि मामले की जल्द जांच कर दोषियों की पहचान की जाए और कड़ी कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।