Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया के चंडेश्वर मंदिर में पांच दिवसीय चड़क पूजा का चौथा दिन: भारी बारिश में पक्का घाट तालाब से नाचते हुए मंदिर पहुंचे भोक्ता

Spread the love

चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया नगर पंचायत के पुराना बाजार स्थित चंडेश्वर शिव मंदिर में आयोजित पांच दिवसीय चड़क पूजा का चौथा दिन बुधवार को श्रद्धा और आस्था के बीच संपन्न हुआ। दिनभर हो रही भारी बारिश के बावजूद भोक्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। पक्का घाट तालाब से भोक्ता नाचते-गाते हुए चंडेश्वर शिव मंदिर पहुंचे और भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की।

इससे पहले भोक्ता तालाब पहुंचे, जहां उन्होंने स्नान कर धार्मिक अनुष्ठान किए। इसके बाद मंदिर पहुंचकर भोक्ताओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और पूजा की। विशेष रूप से भोक्ताओं ने आग पर उल्टा लटककर भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था और समर्पण का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

पूरे अनुष्ठान का संचालन मंदिर के पुजारी शिवदास पंडा ने किया। पूजा के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।

इस अवसर पर भोक्ता अशोक दास, मुन्ना भारती, निताई गोप, बाच्चु मन्ना, हेमंत नाथ, गोपाल दास, शक्ति पद सीट, हरो सीट, मानिक सीट, अर्जुन दास, तन्मय मोदक, तरुण नामाता, उत्तम नाथ, कोका नामाता, स्वपन दास, असित नाथ समेत कई श्रद्धालु उपस्थित थे।

रात एक बजे नामोपाड़ा स्थित शमशान काली मंदिर के पास से सती माता का आगमन चंडेश्वर मंदिर में होगा। भोर चार बजे पक्का घाट तालाब से गोरिया भार मंदिर की यात्रा निकाली जाएगी।

गुरुवार को चड़क पूजा के अंतिम दिन परंपरागत धार्मिक अनुष्ठानों के साथ पाट भोक्ता, जीभ फोड़, रजनी फोड़ और आगुन भांगा जैसे विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, समापन कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी की संभावना है।