चाकुलिया (पूर्वी सिंहभूम) — नगर पंचायत क्षेत्र के पुराना बाजार स्थित चंडेश्वर शिव मंदिर में चल रहे पांच दिवसीय चड़क पूजा महोत्सव के अंतिम दिन गुरुवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तेज बारिश के बावजूद श्रद्धा और आस्था की कोई कमी नहीं दिखी।
पुजारी शिवदास पांडा के मंत्रोच्चारण के साथ पूजा शुरू हुई। पाट भोक्ता निताई गोप और उमेश भारती ने पहले पक्का घाट तालाब में स्नान कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद मुन्ना भारती कील पर और निताई गोप तलवार पर लेट गए। श्रद्धालुओं ने दोनों भोक्ताओं को कंधे पर उठा कर चंडेश्वर मंदिर पहुंचाया, जहां उन्होंने भगवान शिव की पूजा की।
पूरे आयोजन के दौरान बारिश होती रही, लेकिन श्रद्धालु पूरे जोश के साथ शामिल हुए। इस धार्मिक आयोजन में भोक्ता अशोक दास, बाच्चु मन्ना, हेमंत नाथ, गोपाल दास, शक्ति पद सीट, हरो सीट, मानिक सीट, अर्जुन दास, तन्मय मोदक, तरुण नामाता, उत्तम नाथ, कोका नामाता, स्वपन दास और असित नाथ समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
शाम को मंदिर परिसर में रजनी फोड़, जीभ फोड़ सहित अन्य पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।