चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : आगामी 5 जुलाई को कान्हाईश्वर पहाड़ पूजा और उल्टी रथ यात्रा तथा 6 जूलाई को होने वाले मोहर्रम पर्व को ध्यान में रखते हुए चाकुलिया में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार की शाम पुलिस प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया।
यह फ्लैग मार्च थाना प्रभारी संतोष कुमार के दिशा-निर्देशन में आयोजित किया गया। मार्च की अगुवाई थाना परिसर से की गई, जिसमें एसआई कबींद्र पोद्दार, एएसआई पीतांबर मंडल, चमा उरांव, किशुन तिरु समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहे।
फ्लैग मार्च चाकुलिया थाना से निकलकर नया बाजार स्थित सुभाष चौक होते हुए विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरा। इस दौरान स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास का वातावरण देखने को मिला।
प्रशासन की ओर से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि सभी समुदाय के पर्व-त्योहार शांति और सौहार्द्रपूर्ण माहौल में संपन्न हों, इसके लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।