चाकुलिया संवाददाता ( रोहन सिंह)
नगर पंचायत क्षेत्र के पुरनापानी स्थित जगदंबा केमिकल्स साबुन फैक्ट्री में महिला मजदूर के साथ मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पीड़िता कुचियाशोली गांव की आदिवासी महिला मजदूर है, जिसने फैक्ट्री के मशीन ऑपरेटर मृत्युंजय पर आरोप लगाते हुए चाकुलिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि रविवार दोपहर करीब 3 बजे मृत्युंजय ने फैक्ट्री परिसर में उसके साथ मारपीट की और जातिसूचक अपशब्द कहे। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने घटना की जानकारी फैक्ट्री मालिक केशव रुंगटा को दी, तो उन्होंने लापरवाही दिखाते हुए जवाब दिया – “जो करना है, कर लो।”
सोमवार सुबह पीड़िता अपने परिजनों और ग्रामीणों के साथ फैक्ट्री गेट पर धरना-प्रदर्शन करने पहुंची। सूचना पाकर जेएलकेएम युवा मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष शंखदीप महतो, कालापाथर पंचायत के मुखिया शिव चरण हांसदा और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद सभी महिला मजदूर के साथ थाना पहुंचे और आरोपित पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान झामुमो नेता राजा बारिक, मनोज महतो, विश्वजीत महतो, बापी महतो, सैम कुमार, रामचंद्र महतो, परिमल महतो, तरुण महतो सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। मुखिया शिव चरण हांसदा ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर पुलिस कार्रवाई नहीं करती है, तो आदिवासी समाज उग्र आंदोलन करेगा।
थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं, फैक्ट्री मालिक केशव रुंगटा से संपर्क की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल बंद होने के कारण उनका पक्ष नहीं लिया जा सका।