Responsive Menu
Add more content here...

जमशेदपुर: बागुन हातु बस्तीवासियों का शराब दुकान के खिलाफ रैली और धरना, कहा– महिला कॉलेज के बगल में दुकान खोलना शर्मनाक

Spread the love

जमशेदपुर।
बागुन हातु बस्ती के लोगों ने सोमवार को नई खोली गई अंग्रेजी शराब दुकान के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली और धरना प्रदर्शन किया। बस्तीवासियों ने आरोप लगाया कि चौक के पास खुली इस दुकान से महिलाओं और छात्राओं को दिन-रात आने-जाने में भारी दिक्कत हो रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि दुकान के बगल में ही महिला कॉलेज और कंपनी का मुख्य गेट है, जबकि थाना भी थोड़ी ही दूरी पर स्थित है। ऐसे में छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया है।

बस्ती की महिलाओं ने कहा कि शराब दुकान खुलने से युवाओं में नशे की लत बढ़ रही है। कई 22–23 वर्ष के युवा पढ़ाई-लिखाई छोड़कर शराब की ओर आकर्षित हो रहे हैं, जिससे उनका भविष्य अंधकारमय हो रहा है। उन्होंने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि महिला कॉलेज और आवासीय बस्ती के पास शराब की दुकान खोलने की अनुमति देना शर्मनाक है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर इस दुकान को जल्द बंद नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बस्तीवासियों का कहना है कि क्षेत्र में शिक्षा और विकास की जरूरत है, न कि शराब जैसी बुराई को बढ़ावा देने की।