Responsive Menu
Add more content here...

जमशेदपुर: उपायुक्त ने उत्तरी सरजामदा पंचायत में बैठक कर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, कहा– हर समस्या का होगा समयबद्ध समाधान

Spread the love

जमशेदपुर।
पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सोमवार को उत्तरी सरजामदा पंचायत भवन में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज, जिप सदस्य डॉ. परितोष सिंह, प्रखंड प्रमुख, 21 पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं की जानकारी लेना और उनके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाना था।

छोटा गोविंदपुर जलापूर्ति योजना पर चर्चा

बैठक में छोटा गोविंदपुर जलापूर्ति योजना की कार्यप्रणाली और संचालन पर विशेष चर्चा हुई। उपायुक्त ने बताया कि यह योजना वर्तमान में 21 पंचायतों में नियमित पेयजलापूर्ति और एक पंचायत में आंशिक आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है। जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए विभागीय प्रावधानों के अनुरूप नई संचालन समिति का गठन किया गया है।

ग्रामीणों ने रखी अन्य समस्याएं

बैठक में ग्रामीणों और प्रतिनिधियों ने कई बुनियादी समस्याएं उठाईं, जिनमें शामिल थीं—

स्ट्रीट लाइट की खराबी

विद्यालय में चारदीवारी का अभाव (मध्य हलुदबनी पंचायत)

शौचालय की कमी

पेयजल सुविधा और सड़क मरम्मत

उपायुक्त ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सूचीबद्ध कर बीडीओ जमशेदपुर सदर को सौंपने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव है, उन पर प्रशासनिक और तकनीकी स्तर पर तुरंत कार्रवाई की जाए, जबकि बाकी का भी समयबद्ध समाधान किया जाएगा।

हर समस्या का प्राथमिकता पर समाधान– उपायुक्त

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों की हर बुनियादी समस्या को प्राथमिकता पर हल किया जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से सहयोग की अपील की ताकि विकास कार्य और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ सकें।

बैठक में सीओ जमशेदपुर सदर मनोज कुमार, बीडीओ सुमित प्रकाश, कार्यपालक दंडाधिकारी सह डीपीओ सुदीप्त राज, कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।