Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया के जोभी प्राथमिक विद्यालय में पेयजल संकट, महीनों से खराब चापाकल

Spread the love

चाकुलिया: प्रखंड के बर्डीकानपुर–कालापाथर पंचायत अंतर्गत पश्चिम बंगाल सीमा से सटे जोभी प्राथमिक विद्यालय में पेयजल की गंभीर समस्या सामने आई है। यहां लगा चापाकल पिछले कई महीनों से खराब पड़ा है, जिससे विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

चापाकल खराब होने के कारण विद्यालय की रसोइयों को लगभग 500 मीटर दूर स्थित जल मीनार से पानी लाकर बच्चों के लिए मध्यान भोजन तैयार करना पड़ रहा है। साथ ही बर्तन धोने में भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

पानी की कमी का असर बच्चों की दैनिक जरूरतों पर भी पड़ रहा है। विद्यालय में पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण बच्चे शौचालय का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं और उन्हें मजबूरन खुले में जाना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को कई बार सूचना दी गई, लेकिन अब तक चापाकल की मरम्मत नहीं कराई गई है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।

वार्ड सदस्य चंडी चरण मुंडा ने कहा कि विद्यालय में चापाकल खराब रहने से बच्चों के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने जल्द से जल्द इसकी मरम्मत कराने की मांग की है।