चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) :
कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं शिखा दियासी (कक्षा 10) एवं तरूलता महतो (कक्षा 9) ने हाल ही में जिला की अन्य छात्राओं के साथ इसरो (ISRO) का शैक्षणिक भ्रमण किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर दोनों छात्राओं का भव्य स्वागत एवं उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की वार्डन मालती लागुरी, सुमित्रा मार्डी तथा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सरोज कुमार पाल ने छात्राओं को सम्मानित किया।
अपने अनुभव साझा करते हुए छात्राओं ने बताया कि उन्होंने सतीश धवन स्पेस सेंटर का दौरा किया, जहाँ तीन प्रकार के रॉकेट और लॉन्च पैड देखने का अवसर मिला। छात्राओं ने कहा कि जिस भवन में रॉकेट तैयार होता है वह मोबाइल संरचना है, जो रॉकेट को लॉन्च पैड तक ले जाकर वापस लौट आती है। साथ ही सुरक्षा के लिए लॉन्च पैड के नीचे पानी की विशेष व्यवस्था रहती है।
छात्राओं ने आगे बताया कि कंट्रोल रूम में उनकी मुलाकात उस वैज्ञानिक से हुई, जो चंद्रयान-3 के प्रक्षेपण में शामिल थे। उन्होंने उपग्रह प्रक्षेपण प्रक्रिया और आगामी गगनयान मिशन (2027) की तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
यात्रा के दौरान छात्राओं ने मरीना बीच, ऐतिहासिक संग्रहालय, मंदिरों का भ्रमण किया और दक्षिण भारतीय व्यंजनों का स्वाद भी लिया।
कार्यक्रम में विद्यालय की सभी शिक्षिकाएँ, छात्राएँ एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। इस अवसर पर छात्राओं के साहस और जिज्ञासा की सराहना की गई।