चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) :
चाकुलिया नगर पंचायत चुनाव के बाद गुरुवार को नगर पंचायत कार्यालय में बोर्ड की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष सोमवारी सोरेन ने की, जिसमें क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए।
स्वच्छता पर सबसे ज्यादा जोर
बैठक में विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर कचरे का अंबार लगा हुआ है, जिसे जल्द से जल्द हटाया जाना जरूरी है।
पेयजल समस्या पर चर्चा
जनप्रतिनिधियों ने बंद पड़े चापाकलों और सोलर जल मीनारों की मरम्मत कराने की मांग उठाई, ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को पानी की समस्या से राहत मिल सके।
तालाबों की सफाई और विकास
बैठक में कमारीगोड़ा स्थित पक्का घाट तालाब में फैले जलकुंभी को हटाने, राजबांध तालाब की सफाई और वहां तक जाने के लिए रास्ता निर्माण कराने का प्रस्ताव भी रखा गया।
नाली और सड़क की समस्याएं
पार्षदों ने नामोपाड़ा क्षेत्र में बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने नालियों की समय पर सफाई और नए नाली निर्माण की मांग की, ताकि लोगों को परेशानी से बचाया जा सके।
लाइट और अन्य विकास कार्य
बैठक में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी चर्चा की गई।
बैठक में रहे मौजूद
इस अवसर पर उपाध्यक्ष राजकुमार मिश्रा, पार्षद मो अजीमुद्दीन, मलय रूहीदास, शतदल महतो, मौसमी मल्लिक, संजीव मांडी, तबस्सुम आरा, सोनिया दास, इंदू देवी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।