चाकुलिया संवाददाता रोहन सिंह की रिपोर्ट
चाकुलिया नगर पंचायत के वार्ड संख्या चार स्थित पूर्णापानी के निर्मल मैदान की स्थिति इन दिनों बदहाल हो चुकी है। 15वें वित्त आयोग के तहत लगभग 40 लाख रुपये की लागत से विकसित किए गए इस मैदान में आज झाड़ियों और घास की भरमार है। मैदान की यह दुर्दशा साफ तौर पर प्रशासनिक उपेक्षा और रखरखाव की कमी को दर्शाती है।
इस मैदान का उद्घाटन 15 नवंबर 2022 को स्थानीय सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक समीर कुमार महंती सहित कई जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया गया था। उद्घाटन के समय इसे क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात बताया गया था। लेकिन मात्र डेढ़ साल में ही यह मैदान उपेक्षा के कारण बर्बादी की कगार पर पहुंच गया है।
मैदान में न तो खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होती हैं और न ही इसकी साफ-सफाई और मरम्मत पर ध्यान दिया जा रहा है। स्टेडियम के पास झाड़ियां उग आई हैं, पेवर्स ब्लॉक घास से ढक गए हैं, और मैदान की घेराबंदी के आसपास भी लंबी-लंबी झाड़ियां फैल चुकी हैं। इस मैदान में अब खेल की जगह मवेशी घास चरते नजर आते हैं।
यह कोई अकेला मामला नहीं है। वार्ड संख्या एक, गोविंदपुर के पास लगभग 35 लाख रुपए की लागत से बना एक अन्य खेल मैदान भी इसी प्रकार उपेक्षित पड़ा है। वहां भी न खेलकूद की गतिविधियां होती हैं और न ही रखरखाव की कोई व्यवस्था।
स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत से इन सार्वजनिक संसाधनों की मरम्मत और सक्रिय उपयोग की मांग की है, ताकि सरकारी धन का सही उपयोग हो सके और क्षेत्र के युवा खेल से जुड़ सकें।