चाकुलिया, संवाददाता (रोहन सिंह): कुछ महीने पहले चाकुलिया रेलवे स्टेशन पर टिकट दलाली और यात्रियों से अवैध वसूली का मामला खुल चुका था। अब इस मामले में रेल प्रशासन ने ताज़ा कार्रवाई करते हुए आरोपित कर्मचारी को चाकुलिया से संतरागाछी स्थानांतरित कर दिया है।

दक्षिण पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक उपिंदर सिंह ने स्थानीय विधायक समीर मोहंती को पत्र के माध्यम से जानकारी दी। पत्र में बताया गया कि 4 जून 2025 को विधायक की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए कर्मचारी को आरक्षण से जुड़े सभी कार्यों से अलग कर दिया गया है। साथ ही विभागीय जांच प्रक्रिया भी आरंभ कर दी गई है।
इससे पहले विधायक समीर मोहंती के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्टेशन पर पहुंचकर अवैध वसूली का भंडाफोड़ किया था। शिकायत में सामने आया कि बुकिंग क्लर्क राज किशोर नारायण ने कुछ दलालों के साथ मिलकर दो यात्रियों से 3,400 रुपये की जगह 10,000 रुपये की अवैध वसूली की थी।
विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपित कर्मचारी के खिलाफ लिखित शिकायत रेल प्रशासन को दी थी। अब प्रशासन ने त्वरित कदम उठाते हुए कर्मचारी को स्थानांतरित किया और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्थानीय लोग इस कार्रवाई से संतुष्ट हैं और उम्मीद जताई है कि भविष्य में इस तरह के मामलों में और सख्ती बरती जाएगी।