चाकुलिया: पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत बिरदोह पंचायत के रेंगड़पहाड़ी गांव में सोमवार को महिला समूहों ने नशा के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं ने शराबबंदी और नशामुक्त समाज के समर्थन में गांव में रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया।
Read More : विशेष रिपोर्ट: जमशेदपुर वन प्रमंडल में ‘पार्क’ के नाम पर करोड़ों का खेल, हाथी कॉरिडोर बनवाना भूला विभाग
तख्तियों के साथ निकाली रैली
महिलाओं ने हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर पूरे गांव का भ्रमण किया। रैली के दौरान “नशा छोड़ो, शिक्षा अपनाओ”, “नशा समाज के लिए जहर है” और “बेहतर भविष्य के लिए नशा से दूरी जरूरी है” जैसे संदेश दिए गए।
नशा से हो रहा सामाजिक नुकसान
अभियान में शामिल महिलाओं ने कहा कि नशा समाज को कमजोर कर रहा है और इसका सबसे ज्यादा असर युवाओं और परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि शराब और अन्य नशे की आदत से घरों में आर्थिक संकट बढ़ रहा है और पारिवारिक कलह भी आम हो गई है।
शिक्षा और जागरूकता पर जोर
महिलाओं ने लोगों से अपील की कि वे नशा छोड़कर शिक्षा और अच्छे संस्कारों को अपनाएं, ताकि समाज को एक बेहतर दिशा मिल सके। उनका कहना था कि नशामुक्त समाज ही सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की नींव रख सकता है।
स्थानीय महिलाओं की सक्रिय भागीदारी
इस अभियान में सरस्वती माहाली, सावित्री मुर्मू, सोनामनी सोरेन, दीपाली माहाली, लक्ष्मी महतो, सरस्वती महतो, जाह्नवी करुणामय, समला सोरेन, द्रौपदी माहाली, झरना माहाली, प्रमिली बेसरा, प्रतिमा माहाली, नमिता माहाली, बादली टुडू, कुनी माहाली सहित कई महिलाएं सक्रिय रूप से शामिल रहीं।