चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) :
चाकुलिया प्रखंड के श्यामसुंदरपुर पंचायत में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। पंचायत के विभिन्न गांवों में कुल 26 चापाकल खराब पड़े हैं, जिसके कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बढ़ती गर्मी के बीच यह समस्या और गंभीर होती जा रही है।
Read More : KKR vs LSG: आखिरी ओवर में लखनऊ की 3 विकेट से जीत
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से चापाकल खराब हैं, लेकिन उनकी मरम्मत नहीं हो पा रही है। ऐसे में लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
पंचायत ने बताई समस्या
पंचायत की मुखिया हिरामनी हांसदा ने बताया कि पंचायत में 26 चापाकल खराब हैं और इसकी जानकारी प्रशासन को दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि फंड की कमी के कारण पंचायत स्तर पर मरम्मत कार्य नहीं हो पा रहा है।
विभाग ने दिया आश्वासन
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंता भागीरथ रवानी ने कहा कि खराब चापाकलों की मरम्मत का काम जल्द पूरा किया जाएगा और इस दिशा में कार्रवाई जारी है।
सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
बढ़ती गर्मी और जल संकट को देखते हुए झारखंड सरकार भी अलर्ट मोड में है। ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने राज्य में जल संकट की शिकायत के लिए इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर 8969392999 जारी किया है।
मंत्री कार्यालय की ओर से कहा गया है कि जैसे ही किसी क्षेत्र से जल संकट की सूचना मिलेगी, संबंधित टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेगी।
बढ़ती गर्मी में बढ़ी चिंता
गर्मी के बढ़ते असर के साथ जल संकट की समस्या और गंभीर हो सकती है। ऐसे में ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सभी चापाकलों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।