बहरागोड़ा संवाददाता (निलेश बेरा): शिशु स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बुधवार को छोटा पारुलिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में मानसी प्लस टीम की ओर से अन्नप्राशन दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छह माह पूरे कर चुके शिशुओं को स्तनपान के साथ-साथ ऊपरी पौष्टिक आहार देने की महत्ता को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान टीकाकरण से वंचित लोगों को भी वैक्सीनेट किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि छह माह की उम्र से बच्चों को केवल मां का दूध पर्याप्त नहीं होता, इसलिए साथ में पोषक तत्वों से भरपूर ऊपरी आहार देना जरूरी हो जाता है। इस उम्र में बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास अत्यंत तीव्र होता है, जिसे संतुलित आहार से ही सही दिशा मिल सकती है।
सेविका सर्मिष्ठा बीर, माला रानी मैती और राकेश दास की सक्रिय भागीदारी में आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित माताओं को विस्तारपूर्वक बताया गया कि शिशु के पहले छह महीने तक केवल स्तनपान कराना चाहिए और इसके बाद दो वर्ष तक ऊपरी आहार के साथ स्तनपान जारी रखना चाहिए।
इस मौके पर मौजूद माताओं को बच्चों के संपूर्ण स्वास्थ्य विकास, रोग प्रतिरोधक क्षमता और मानसिक विकास में पोषण की भूमिका को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों ने भी सक्रिय भागीदारी दिखाई और इसे सकारात्मक पहल के रूप में सराहा।