चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया नगर पंचायत के वार्ड संख्या दो स्थित नामोपाड़ा में एक स्टेशनरी दुकान पर बुधवार को एक अजीबों गरीब घटना घटी। साधु के वेश में 14 वर्ष का किशोर का एक दुकान में अकेली बैठी एक बच्ची को एक राधा-कृष्ण का लॉकेट देकर प्रणाम करने को कहा। परिजनों के मुताबिक जैसे ही बच्ची ने लॉकेट को प्रणाम किया। वह रोने और चिल्लाने लगी इसके बाद फिर बेहोश हो गई। फिर स्थानीय लोगों ने साधु वेशधारी किशोर को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची और उक्त किशोर को थाना ले गयी। पूछताछ के बाद किशोर को छोड़ दिया गया।
जानकारी के मुताबिक दुकान घर से सटा हुआ था। बच्ची की मां थोड़ी देर के लिए घर के अंदर गई थी। इतने में एक किशोर साधु के वेश बनकर दुकान में आया और 100 रुपया दक्षिणा मांगा। बच्ची ने उसे 50 रुपए दिए। इसके बदले उसने एक लॉकेट दिया और उसे प्रणाम करने को कहा। स्थानीय लोगों के मुताबिक लॉकेट के सामने झुकते ही बच्ची बेहोश हो गई। इतने में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और साधु बने किशोर को पकड़ कर रासमंच मंदिर के पास रखा। पूछताछ में किशोर ने बताया कि वह मूल रूप से दिल्ली का निवासी है और वर्तमान में पश्चिम बंगाल के गिधनी में रह रहा है। उसने कहा कि वह बेलपहाड़ी मार्ग होते नामोपाड़ा पहुंचा। उसने कहा कि वह भीख मांगने आया था। उसने वैसा कुछ भी नहीं किया है। इससे पहले भी एक घर में जाकर रुद्राक्ष देकर दक्षिणा मांगी थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत चाकुलिया थाना को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किशोर को थाने ले गई। पुलिस ने उसके माता-पिता से संपर्क किया है। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि किशोर से पूछताछ की गयी। किशोर के पिता से भी पूछताछ हुई। इसके बाद किशोर को छोड़ दिया गया।