जमशेदपुर। संवाददाता
समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें शैक्षणिक गुणवत्ता, आधारभूत संरचना और विभिन्न योजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया।
बैठक के दौरान “मेरा विद्यालय, निपुण मैं भी निपुण” अभियान और सर्व शिक्षा अभियान की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विद्यालयवार प्रदर्शन का गहराई से विश्लेषण किया जाए। खासतौर पर बोड़ाम, धालभूमगढ़ और डुमरिया प्रखंडों के छात्रों का प्रदर्शन औसत से कम पाए जाने पर सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
Read More : समाहरणालय में DC का औचक निरीक्षण, कई निर्देश जारी
इसके साथ ही विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित परियोजनाओं को जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया। पूर्ण हो चुके कार्यों की फोटो सहित रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए गए। जर्जर स्कूल भवनों की सूची तैयार कर भवन निर्माण विभाग को भेजने की भी बात कही गई, ताकि नए भवन या अतिरिक्त कक्ष बनाए जा सकें।
बैठक में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के आधार पंजीकरण में आ रही दिक्कतों पर भी चर्चा हुई। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को त्वरित समन्वय कर आधार बनवाने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्कूलों में बैंक खाते खोलने की प्रक्रिया को तेज करने के लिए लीड बैंक मैनेजर को भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
मिड-डे मील योजना की गुणवत्ता, शिक्षकों की उपस्थिति और छात्रों को मिलने वाली सुविधाओं जैसे किताब, पोशाक आदि के समय पर वितरण पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) की नियमित बैठकें कर अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।