चाकुलिया। संवाददाता (रोहन सिंह) :
जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत आयोजन
चाकुलिया प्रखंड की श्यामसुंदरपुर पंचायत स्थित धोड़शोल गांव में गुरुवार को जल महोत्सव पखवाड़ा के अंतर्गत जल अर्पण दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख भुवनेश्वर करुणामय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कलश में जल अर्पित कर हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा कलश में जल अर्पित कर की गई। इस दौरान ग्रामीणों को जल संरक्षण और स्वच्छ पेयजल के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
हर घर नल से जल योजना की उपलब्धि
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के जिला समन्वयक अनिल कुमार ने बताया कि धोड़शोल गांव का चयन इसलिए किया गया है क्योंकि यहां हर घर नल से जल योजना के तहत शत-प्रतिशत घरों तक पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा चुकी है।
ग्रामीणों को किया गया जागरूक
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण, स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूक किया गया। यह पहल ग्रामीणों में पानी के सही उपयोग और संरक्षण की सोच को मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस मौके पर मुखिया हिरामनी हांसदा, हरिशंकर महतो, विजय गोश्वामी सहित विभाग के कई अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।