चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया प्रखंड के चंदनपुर पंचायत स्थित डाकुई गांव की दिव्यांग युवती गुरुवारी महाली सरकारी आवास के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। अनाथ और बेघर गुरुवारी ने शुक्रवार को विधायक समीर कुमार मोहंती के कार्यालय पहुंचकर आवास उपलब्ध कराने की मांग की।

गुरुवारी महाली ने बताया कि कुछ महीने पहले उसने प्रखंड कार्यालय में आवास योजना के तहत आवेदन दिया था। आवेदन के बाद विभागीय कर्मचारी उसके घर पहुंचे थे और आवश्यक जांच व फोटोग्राफी भी की गई थी, लेकिन अब तक कोई आगे की कार्रवाई नहीं हुई।
युवती ने बताया कि उसके माता-पिता का निधन हो चुका है और वह परिवार की अकेली सदस्य है। दिव्यांग होने के कारण वह कोई काम करने में सक्षम नहीं है। वर्तमान में उसे हर महीने दिव्यांग पेंशन के रूप में एक हजार रुपये और राशन के तहत पांच किलो अनाज मिलता है, जिससे जीवनयापन करना मुश्किल हो रहा है।
उसने बताया कि उसका पुराना घर पूरी तरह जर्जर होकर टूट चुका है। स्थायी आवास नहीं होने के कारण उसे कई बार दूसरों के घरों में रात बितानी पड़ती है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने से वह काफी परेशानियों का सामना कर रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक समीर मोहंती ने उसे आवास दिलाने का भरोसा दिया। विधायक के निजी सचिव विशाल बारिक ने इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी आरती मुंडा से बातचीत की। बीडीओ ने आश्वासन दिया कि दिव्यांग युवती को आवास योजना से जोड़ने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।