चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के नया बाजार स्थित आनंद मार्ग विद्यालय में शुक्रवार से तीन दिवसीय “गर्ल्स लीडरशिप ट्रेनिंग कैंप” की शुरुआत हुई। यह शिविर आनंद मार्ग सेवादल (महिला) के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें छात्राओं के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ाने पर विशेष फोकस किया गया है।
कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. काशीनाथ महतो शामिल हुए। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष सोमवारी सोरेन, वार्ड पार्षद मौसमी मल्लिक, मनिंद्र नाथ पालित, अवधुतीका आनंद सुनीता आचार्य और आचार्य दीपांजना नंद अवधूत समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
छात्राओं ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि शिविर का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, सेवा भावना और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है।
मुख्य अतिथि डॉ. काशीनाथ महतो ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर छात्राओं को भविष्य में सशक्त नेतृत्व के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से छात्राओं को नेतृत्व प्रशिक्षण, सामाजिक सेवा, सांस्कृतिक गतिविधियों और व्यक्तित्व विकास से जुड़े विभिन्न सत्रों का अनुभव मिलेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आनंद मार्ग प्रचारक संघ के अध्यक्ष आचार्य विकासानंद अवधूत ने की। शिविर में विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार महतो समेत कई शिक्षक और शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
आयोजकों के अनुसार 16 मई को रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा, जबकि 17 मई को प्रभात फेरी, सेरेमोनियल परेड, पुरस्कार वितरण और कैंप फायर कार्यक्रम का आयोजन होगा।