Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया में महिला नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर संपन्न, छात्राओं ने दिखाए साहसिक करतब

Spread the love

चाकुलिया: नगर पंचायत क्षेत्र के नया बाजार स्थित आनंद मार्ग विद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय महिला नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर का रविवार को समापन हो गया। शिविर के अंतिम दिन प्रतिभागी छात्राओं ने मार्च पास्ट, आत्मरक्षा प्रदर्शन और विभिन्न साहसिक गतिविधियों का प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो के प्रतिनिधि के तौर पर कुणाल महतो शामिल हुए। वहीं आनंद मार्ग प्रचारक संघ के अध्यक्ष आचार्य विकासानंद अवधूत, महिला सेवा दल की अवधुतिका आनंद अभया आचार्या और अवधुतिका आनंद अभीशा आचार्या विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आचार्य विकासानंद अवधूत ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से लड़कियां आत्मरक्षा के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास भी विकसित करती हैं।

कुणाल महतो ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन नारी सशक्तिकरण को मजबूती देते हैं और बालिकाओं में आत्मनिर्भरता की भावना बढ़ाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रमों को हर संभव सहयोग देने की बात कही।

कार्यक्रम के अंत में बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।