बहरागोड़ा: प्रखंड क्षेत्र की भूतिया पंचायत अंतर्गत मांगरोसोल गांव में सोमवार को ग्रामीणों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व ग्राम प्रधान पंचानन हांसदा ने की। बैठक में ग्रामीणों ने वर्तमान ग्राम प्रधान बागराय हांसदा की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान का व्यवहार गांव के लोगों के प्रति ठीक नहीं है और वे सार्वजनिक स्थानों पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि इस संबंध में पहले भी कई बार अंचल कार्यालय को जानकारी दी गई थी और नए ग्राम प्रधान के चयन की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो गांव में सरकारी योजनाओं और कार्यों का विरोध किया जाएगा। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि भूतिया पंचायत में स्थायी ग्रामसभा समिति के गठन का भी गांव के लोगों ने विरोध किया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की जांच कर जल्द उचित निर्णय लिया जाए तथा गांव में नई व्यवस्था लागू की जाए, ताकि क्षेत्र में विकास कार्य सुचारु रूप से चल सके।
बैठक में गांव के कई महिला और पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे और सामूहिक रूप से अपनी नाराजगी व्यक्त की।