चाकुलिया: चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र समेत आसपास के इलाकों में शनिवार को सुहागिन महिलाओं ने पारंपरिक आस्था और श्रद्धा के साथ वट सावित्री पूजा की। महिलाओं ने बरगद के पेड़ की पूजा कर अपने पति की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
नगर क्षेत्र के नागानल मंदिर परिसर स्थित बरगद वृक्ष के नीचे सुबह से ही महिलाओं की भीड़ जुटने लगी। महिलाओं ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और वट वृक्ष पर रक्षा सूत्र बांधकर अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद मांगा।
पूजा के दौरान पुजारी दिलीप पति ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। इसके बाद महिलाओं ने नागानल मंदिर में भी पूजा कर परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की।
चाकुलिया प्रखंड के अन्य गांवों और क्षेत्रों में भी महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार वट सावित्री व्रत रखा और पूजा-अर्चना की। पूरे क्षेत्र में धार्मिक और भक्तिमय माहौल देखने को मिला।