चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : अनुसूचित क्षेत्रों में पंचायत विस्तार अधिनियम (पेसा एक्ट) के तहत प्रखंड स्तरीय समिति गठन को लेकर शुक्रवार को चाकुलिया अंचल कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचल अधिकारी नवीन पुरती ने की।
बैठक में पेसा एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन और समिति गठन की प्रक्रिया पर चर्चा की गई। अंचल अधिकारी ने बताया कि नियमों के अनुसार बनने वाली इस समिति में अंचल अधिकारी अध्यक्ष होंगे, जबकि वन क्षेत्र पदाधिकारी सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे।
इसके अलावा पंचायत समिति सदस्यों के बीच से एक प्रतिनिधि का चयन किया जाना है। परंपरागत स्वशासन व्यवस्था से जुड़े ग्राम प्रधान या माझी बाबा को भी समिति में शामिल किया जाएगा। साथ ही प्रखंड क्षेत्र में कार्यरत किसी गैर सरकारी संगठन (NGO) के एक प्रतिनिधि को भी सदस्य के रूप में नामित किया जाएगा।
हालांकि बैठक में पंचायत समिति सदस्यों की पर्याप्त उपस्थिति नहीं होने के कारण प्रतिनिधि का चयन नहीं हो सका। बताया गया कि प्रखंड के कुल 22 पंचायत समिति सदस्यों में से आधे से अधिक सदस्य बैठक में उपस्थित नहीं थे, जिसके कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई।
बैठक में प्रखंड प्रमुख भुवनेश्वर करुणामय, उप प्रमुख कविता साव समेत कई पंचायत समिति सदस्य मौजूद रहे।