घाटशिला | अबुआ खबर संवाददाता
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव से पहले भाजपा को एक बड़ा झटका लगा है। गुरुवार को घाटशिला प्रखंड के विभिन्न गांवों से आए सैकड़ों ग्रामीणों, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा शामिल थे, ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का समर्थन किया।
यह कार्यक्रम झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन की उपस्थिति में आयोजित हुआ, जिसकी अगुवाई पोटका के विधायक संजीव सरदार ने की। झामुमो के तेजतर्रार नेता और सिसई से विधायक जिग्गा सुसारन होरो भी इस अवसर पर मौजूद थे। उन्होंने ग्रामीणों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई और पार्टी चिन्ह देकर स्वागत किया। इस दौरान भीड़ ने “सोमेश सोरेन की जीत” और “रामदास सोरेन अमर रहें” जैसे नारे लगाकर माहौल को भक्तिमय और जोशपूर्ण बना दिया।
जनसभा में संबोधन करते हुए सोमेश चंद्र सोरेन ने कहा कि झामुमो सरकार ने गांवों तक विकास की रौशनी पहुँचाई है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और योजनाओं का लाभ अब घर-घर तक पहुंच रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे झूठे वादों और भ्रम फैलाने वालों से सतर्क रहें।
विधायक संजीव सरदार ने कहा —
“जनता समझ चुकी है कि कौन वास्तव में काम करता है और कौन सिर्फ प्रचार करता है। भाजपा की राजनीति अब घाटशिला में असफल हो चुकी है। जनता का विश्वास और झामुमो का हौसला इस चुनाव की असली ताकत है।”
सिसई विधायक जिग्गा सुसारन होरो ने कहा कि इस ऐतिहासिक समर्थन से स्पष्ट संकेत मिल चुका है कि घाटशिला में झामुमो की प्रचंड जीत सुनिश्चित है।
सभा में उपस्थित ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उमड़ी भीड़ में एक स्वर में झामुमो की जीत की उम्मीद जताई और आगामी चुनाव के लिए जोश और उत्साह बढ़ाया।