बहरागोड़ा (संवाददाता – एन. बेरा)
बहरागोड़ा प्रखंड के गुहियापाल पंचायत में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने न केवल 11,000 वोल्ट के बिजली तार काटकर चुरा लिए, बल्कि सीमेंट के बने कई बिजली खंभों को भी तोड़ दिया, जिससे पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
यह घटना अपनी निर्भीकता और दुस्साहस के कारण इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। बताया गया कि एनएच-18 के महिषपुर चौक से लेकर जामबोनी मैदान तक फैले लगभग 26 बिजली पोलों से तार काटकर चोरी की गई।
सुबह जब ग्रामीणों ने टूटे हुए खंभे और कटे तार देखे, तो उन्होंने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी। वर्तमान में क्षेत्र में बिजली ठप रहने से पेयजल आपूर्ति, मोबाइल चार्जिंग और दैनिक कार्य प्रभावित हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही बहरागोड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया और बताया कि घटना में लाखों रुपये की सरकारी संपत्ति को नुकसान हुआ है।
अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि चोरी हुए तार और क्षतिग्रस्त खंभों की मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू कर दी जाएगी, ताकि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल हो सके।