बहरागोड़ा, संवाददाता (निलेश बेरा)
पाथरी पंचायत अंतर्गत मध्य विद्यालय बामडोल में सोमवार को निशुल्क हीमोग्लोबिन जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 45 से अधिक स्कूली बच्चों की हीमोग्लोबिन जांच की गई।
सीएचसी बहरागोड़ा से आए स्वास्थ्यकर्मी पवित्र विश्वास ने बच्चों को पौष्टिक और संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी। साथ ही खून की कमी को दूर करने के लिए आवश्यक दवाएं भी वितरित की गईं। उन्होंने बच्चों को अधिक मात्रा में फास्ट फूड के सेवन से बचने की सलाह दी और इसे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताया।
शिविर के दौरान एएनएम पुष्पलाता बासा ने बच्चों को हरी पत्तेदार सब्जियां, ताजे फल और जूस के नियमित सेवन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि ऐसे प्राकृतिक आहार ही शरीर में खून की मात्रा को संतुलित बनाए रखने में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक चंद्र शेखर बेरा, शिक्षक पुलिन बिहारी कुईला, अनुप कुमार जाना, देबेंदु घोष, अनुपमा साव सहित विद्यालय स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही।