Responsive Menu
Add more content here...

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को मिली जान से मारने की धमकी, 24 घंटे में हत्या की दी चेतावनी

Spread the love

रांची: झारखंड सरकार में स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी गुरुवार देर रात दी गई, जब मंत्री अंसारी दिल्ली में एक सहयोगी मंत्री की तबीयत का हालचाल लेने पहुंचे थे।

डॉ. अंसारी ने बताया कि उन्हें एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले व्यक्ति ने न केवल उन्हें गाली-गलौज की, बल्कि साफ शब्दों में धमकी दी कि वह “24 घंटे के भीतर” उनकी हत्या कर देगा। इस गंभीर धमकी की सूचना उन्होंने तुरंत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी, साथ ही कॉल करने वाले का मोबाइल नंबर भी साझा किया है।

मंत्री ने बताया कि फोन पर बातचीत के दौरान व्यक्ति ने लगातार अपशब्दों का प्रयोग किया और अंत में धमकी देते हुए फोन काट दिया। फिलहाल दिल्ली में मौजूद मंत्री अंसारी ने कहा कि पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दे दी गई है और वह मामले की जांच में जुट गई है।

धमकी के पीछे की क्या है मंशा?

अब तक इस धमकी के पीछे की मंशा साफ नहीं हो पाई है। हालांकि, झारखंड सरकार के मंत्री को मिली इस तरह की धमकी ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मंत्री ने भरोसा जताया है कि पुलिस जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करेगी।