Responsive Menu
Add more content here...

जमशेदपुर: सिमुलडांगा स्थित अमूल दूध गोदाम में भीषण आग, लाखों का नुकसान संभावित

Spread the love

Saraikela/Jamshedpur: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के सिमुलडांगा इलाके में शनिवार सुबह भीषण अग्निकांड की खबर से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-33 के किनारे स्थित अमूल दूध के गोदाम में अचानक आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र में धुएं का घना गुबार फैल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। करीब सुबह 7 बजे उठती लपटों ने देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि दमकल की कई गाड़ियां बुलानी पड़ीं। वहीं, एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। हालांकि, किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है, लेकिन गोदाम में रखे लाखों रुपये के डेयरी उत्पादों के जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है।

गोदाम के आकार की बात करें तो यह करीब एक एकड़ में फैला हुआ है। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता दीपक रंजीत ने बताया कि धुआं इतनी मात्रा में फैला कि करीब दो किलोमीटर के दायरे में दृश्यता प्रभावित हो गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।