Responsive Menu
Add more content here...

जमशेदपुर: बाइक नंबर के सहारे पुलिस ने दबोचे छिनतई करने वाले दो बदमाश, साकची से बरामद हुआ सोने का लॉकेट

Spread the love

जमशेदपुर, संवाददाता।
सोनारी थाना क्षेत्र के डोबो पुल के पास ट्रक चालक से हुई सोने का लॉकेट छिनतई की वारदात का खुलासा पुलिस ने महज़ 24 घंटे में कर दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक नंबर ट्रेस कर दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने साकची से सोने का लॉकेट भी बरामद किया है।

डीएसपी ने गुरुवार को एसएसपी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि घटना उस वक्त हुई जब ट्रक चालक नवीन कुमार (निवासी – नवादा, बिहार) पेशाब करने के लिए ट्रक रोककर उतरे और जैसे ही वाहन पर चढ़े, बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे। उनमें से एक सीधे ट्रक की केबिन में चढ़ा और चालक के गले से ताबीज सहित सोने की चेन छीनकर फरार हो गया।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इलाके के सीसीटीवी कैमरों की जांच की और बाइक का नंबर हासिल कर लिया। इसी सुराग के आधार पर गोलमुरी सर्कस मैदान निवासी विक्की सिंह और बजरंग नगर, गोलमुरी निवासी हरदीप सिंह को दबोच लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया और बताया कि छिना गया लॉकेट साकची में छुपाया गया है। पुलिस ने वहां से करीब तीन ग्राम वजनी सोने का ताबीज बरामद कर लिया।

डीएसपी ने बताया कि दोनों अपराधियों का आपराधिक इतिहास है और ये पहले भी जेल जा चुके हैं। फिलहाल पुलिस दोनों से अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ कर रही है।