चाकुलिया, संवाददाता (रोहन सिंह)
पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत बड़ामारा पंचायत के मौरबेड़ा गांव में इन दिनों जंगली हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीण दहशत में हैं। हाथियों के भय से लोग खेतों और जंगलों की ओर जाने से भी परहेज कर रहे हैं। इसी बीच गुरुवार को ग्रामीणों ने मिलकर श्रमदान के जरिए सुरक्षा के लिए सराहनीय पहल की।
ग्रामीणों ने हवाई पट्टी से मौरबेड़ा गांव को जोड़ने वाली सड़क किनारे की झाड़ियों और घास की सफाई कर रास्ते को सुरक्षित बनाने का काम किया। इस कार्य में गांव के बाजुन हांसदा, जगदीश मुंडा, पुलिन मुंडा, सुनाराम हांसदा, सुकरा मुंडा, सुजीत किस्कू, चामटू मुंडा, सोनाराम मुर्मू, हीकिम मुर्मू समेत कई युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
युवकों ने झाड़ियों और घास को काटकर इकट्ठा किया और हाथियों से बचाव के लिए अन्य उपाय भी किए। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि गांव के लोग भयमुक्त होकर जीवन यापन कर सकें।