Responsive Menu
Add more content here...

जमशेदपुर में ब्राउन शुगर गिरोह का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का खुलासा किया है। पुलिस ने छापेमारी कर अंतरजिला स्तर पर सक्रिय ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में ब्राउन शुगर और नकद राशि भी बरामद की गई।

जानकारी के अनुसार 9 मई 2026 को गुप्त सूचना मिलने के बाद बर्मामाइंस थाना पुलिस ने गांधी नगर बस्ती इलाके में छापेमारी की। इस दौरान संतोष सिंह नामक आरोपी को 124 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाकी आरोपियों को भी पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में संतोष सिंह, उसकी दूसरी पत्नी आयशा खातून, अमित कुमार, गौरव कुमार और संजय गोस्वामी शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से कुल 175 पुड़िया ब्राउन शुगर जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहा था। मुख्य आरोपी संतोष सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड भी पुराना बताया जा रहा है। उसके खिलाफ बर्मामाइंस थाना में पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं अन्य आरोपियों पर भी एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पुलिस अब पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार का संबंध किन-किन इलाकों और लोगों से जुड़ा हुआ है।