जमशेदपुर, 6 अक्टूबर 2025 – मानगो के ओलीडीह ओपी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार (5 अक्टूबर) को दो तस्करों को ब्राउन शुगर की अवैध बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
सूत्रों के अनुसार, ओलीडीह क्षेत्र के मुर्दा मैदान के पास नशे की खरीद-बिक्री चलने की खबर पर पुलिस अधीक्षक (नगर) की देखरेख में पुलिस उपाधीक्षक पटमदा बचनदेव कुजुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों — बबन खान उर्फ शेख बबन और पवन साहू — को ब्राउन शुगर और नकदी के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस ने उनके कब्जे से 140 पुड़िया (कुल 18 ग्राम) ब्राउन शुगर और ₹2000 नगद बरामद किया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले से ही नशा कारोबार में संलिप्त रहे हैं। इनके खिलाफ मानगो, सीतारामडेरा और ओलीडीह ओपी में कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश की जा रही है। नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।