जमशेदपुर: पश्चिम बंगाल में कथित अवैध वसूली के विरोध में जमशेदपुर के ट्रांसपोर्टर्स ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है। जमशेदपुर ट्रक एंड ट्रेलर ओनर्स एसोसिएशन ने भारी वाहनों से जबरन वसूली का आरोप लगाते हुए 15 मई से अनिश्चितकालीन चक्का जाम करने की घोषणा की है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष जसवीर सिंह ‘शेरे’ ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के खड़गपुर और झाड़ग्राम के बीच नथुरा इलाके में कुछ लोगों द्वारा भारी वाहन चालकों से अवैध रूप से “डंडा टैक्स” वसूला जा रहा है। उनका कहना है कि इस मार्ग से गुजरने वाले ट्रकों और ट्रेलरों से प्रति ट्रिप करीब 260 रुपये लिए जाते हैं, जबकि इसके बदले किसी प्रकार की वैध रसीद भी नहीं दी जाती।
ट्रांसपोर्टर्स का आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहे वाहनों को बीच रास्ते में रोककर जबरन दूसरे टोल मार्ग की ओर मोड़ा जाता है और भुगतान के बाद ही आगे जाने दिया जाता है। इससे वाहन चालकों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों में भारी नाराजगी है।
एसोसिएशन के मुताबिक इस रूट से प्रतिदिन लगभग 5 से 7 हजार भारी वाहन गुजरते हैं, जिससे बड़े पैमाने पर अवैध वसूली किए जाने का दावा किया जा रहा है। संगठन ने इस मामले में पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की है।
साथ ही देशभर के ट्रांसपोर्टर्स से 15 मई को प्रस्तावित आंदोलन में शामिल होकर समर्थन देने की अपील की गई है। संगठन का कहना है कि यदि अवैध वसूली पर रोक नहीं लगी तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।