पोटका: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से पोटका प्रखंड के तेतला में शनिवार को बैठक सह प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं को आगामी जनगणना और एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया को लेकर जागरूक करना था।
शिविर में जिला स्तर से लेकर पंचायत और बूथ स्तर तक के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। झामुमो केंद्रीय समिति के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को एसआईआर प्रक्रिया, आगामी जनगणना और जनगणना प्रपत्र में सरना धर्म कोड दर्ज कराने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पोटका विधायक संजीव सरदार उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायत और बूथ स्तर पर झामुमो कार्यकर्ता सरकारी कर्मियों के साथ समन्वय बनाकर काम करें, ताकि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
विधायक ने कहा कि कई लोग रोजगार या अन्य कारणों से बाहर रहते हैं, इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि उनका नाम मतदाता सूची से न कटे। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से प्रत्येक गांव में बीएलओ की नियुक्ति की गई है और झामुमो अपने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को उनके सहयोग के लिए सक्रिय करेगा।
उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान ग्रामीणों को फॉर्म भरने में सहायता दी जाएगी, ताकि सभी जानकारियां सही तरीके से दर्ज हो सकें और किसी प्रकार की त्रुटि न हो। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।