Responsive Menu
Add more content here...

टाटा कंपनी बर्मामाइंस पार्किंग में नकद वसूली के विरोध में ड्राइवरों का गेट जाम, आवाजाही ठप

Spread the love

जमशेदपुर: टाटा कंपनी के बर्मामाइंस पार्किंग में ड्राइवरों से नकद में की जा रही कथित अवैध वसूली के विरोध में जमशेदपुर लोकल ट्रेलर ओनर यूनियन के बैनर तले भारी विरोध प्रदर्शन हुआ। आक्रोशित ड्राइवरों ने पार्किंग गेट को जाम कर दिया, जिसके चलते सभी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई।

यूनियन के अध्यक्ष जयकिशोर सिंह ने बताया कि ड्राइवरों से मेडिकल जांच के नाम पर 250 रुपये वसूले जाते हैं। इसके अलावा टेस्ट के दौरान ड्राइवरों के शरीर से आवश्यकता से अधिक खून निकाले जाने की भी शिकायतें सामने आई हैं।

जयकिशोर सिंह ने कहा कि बर्मामाइंस क्षेत्र में करीब 7 से 8 हजार ड्राइवर टाटा कंपनी का माल ढुलाई कार्य करते हैं। सभी से पार्किंग और मेडिकल के नाम पर कैश में अवैध वसूली की जा रही है, जो न केवल गैरकानूनी है बल्कि ड्राइवरों के लिए आर्थिक बोझ भी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की वसूली का कोई सरकारी निर्देश मौजूद नहीं है।

यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि वे इस अनियमितता के खिलाफ लंबे समय से आवाज उठा रहे हैं और सरकारी विभागों को भी इसकी जानकारी दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक ड्राइवरों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक गेट जाम आंदोलन जारी रहेगा।