लोकल ट्रेलर ओनर यूनियन अध्यक्ष गंभीर रूप से घायल, एमजीएम में भर्ती
जमशेदपुर।
ड्राइवरों के उचित मानदेय की मांग को लेकर 11 फरवरी को प्रस्तावित चक्का जाम हड़ताल से पहले जमशेदपुर में तनाव की स्थिति बन गई है। जमशेदपुर लोकल ट्रेलर ओनर यूनियन के अध्यक्ष जयकिशोर सिंह पर मंगलवार देर रात जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
यूनियन कार्यालय के पास हुई घटना
बताया जा रहा है कि यह घटना बर्मामाइंस स्थित यूनियन कार्यालय के समीप मुख्य सड़क पर हुई, जहां करीब 20 की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने जयकिशोर सिंह पर अचानक हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
एमजीएम अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही यूनियन के अन्य सदस्य और सहयोगी मौके पर पहुंचे और घायल जयकिशोर सिंह को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
आंदोलन को कमजोर करने की साजिश का आरोप
जयकिशोर सिंह ने आरोप लगाया है कि यह हमला कंपनी के पदाधिकारी अजित वर्मा से जुड़े लोगों और टाटा कंपनी के कुछ वेंडरों द्वारा साजिश के तहत कराया गया है। उनका कहना है कि ड्राइवरों के मानदेय में बढ़ोतरी को लेकर चल रहे आंदोलन को कमजोर करने और चक्का जाम को विफल करने की नीयत से यह हमला किया गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद से यूनियन में आक्रोश का माहौल है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।