जमशेदपुर | जमशेदपुर लोकल ट्रेलर ओनर यूनियन की ओर से आगामी 11 फरवरी को ट्रेलर चालकों और वाहन मालिकों के अधिकारों को लेकर अर्धनग्न होकर अनिश्चितकालीन हड़ताल करने का ऐलान किया गया है। यूनियन ने इस आंदोलन को लेकर अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
यूनियन के अध्यक्ष जयकिशोर सिंह ने मंगलवार को अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करते हुए कंपनी प्रबंधन को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि ट्रेलर चालकों को उचित वेतन और वाहन मालिकों को सही भाड़ा नहीं मिला, तो यूनियन सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होगी।
जयकिशोर सिंह ने आरोप लगाया कि कंपनी के एक अधिकारी अजित वर्मा की भूमिका के कारण चालकों को आज तक न्यूनतम वेतन तक नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी परिसर के पार्किंग एरिया में विभिन्न मदों के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है, जिससे चालक और वाहन मालिक दोनों आर्थिक शोषण का शिकार हो रहे हैं।
यूनियन अध्यक्ष के अनुसार, इन सभी समस्याओं के विरोध में 11 फरवरी से अनिश्चितकालीन अर्धनग्न हड़ताल शुरू की जाएगी, जिसमें लगभग 7 हजार ट्रेलर चालक और वाहन मालिक शामिल होंगे। उन्होंने साफ किया कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा।