जमशेदपुर। संवाददाता:
जमशेदपुर का ऐतिहासिक जुबली पार्क इन दिनों दुल्हन की तरह सजा हुआ नजर आ रहा है। अवसर है शहर के संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा की जयंती का, जिसे लेकर पूरे शहर में उत्सवी माहौल बना हुआ है।
3 मार्च को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जा रही जयंती
3 मार्च को जमशेदजी टाटा की जयंती श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाई जा रही है। इस खास मौके पर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, सड़कों और इमारतों को भव्य रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाया गया है। शाम ढलते ही पूरा शहर रंग-बिरंगी लाइटों से जगमगा उठता है।
जुबली पार्क बना आकर्षण का केंद्र
विशेष रूप से जुबली पार्क में की गई विद्युत सज्जा लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई है। रंग-बिरंगी रोशनियों से सजा पार्क ऐसा प्रतीत हो रहा है, मानो स्वर्ग धरती पर उतर आया हो। बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचकर रोशनी और सजावट का आनंद ले रहे हैं तथा इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बन रहे हैं।