दो थाना क्षेत्रों में संयुक्त कार्रवाई
जमशेदपुर पुलिस ने नशा तस्करी पर नकेल कसते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर पुलिस ने छह तस्करों को गिरफ्तार किया। ऑपरेशन के दौरान कुल 60 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई।
मानगो क्षेत्र में चार तस्कर गिरफ्तार
डीएसपी हेडक्वार्टर-1 भोला प्रसाद ने बताया कि मानगो पुल के पास मंदिर के पीछे ब्राउन शुगर की अवैध खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी। इस आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर शिवाजी गोप, सर्जन कुमार, अता मोहम्मद और टुनटुन यादव को 45 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया। इनमें से तीन का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
सीतारामडेरा में दो आरोपियों की गिरफ्तारी
इसी दौरान पुलिस ने सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के स्लैग रोड स्थित न्यू सीतारामडेरा पार्क में कार्रवाई करते हुए बादल बनिया और गौरव राम को पकड़ा। उनके पास से 15 पुड़िया ब्राउन शुगर मिली। गौरव राम का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।
सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए
पुलिस ने सभी छह आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि नशा कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।