जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्री ट्रेनों के लगातार विलंब से पहुंचने को लेकर शहर में विरोध तेज हो गया है। रेल यात्री संघर्ष समिति के बैनर तले साकची गोलचक्कर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर अपना समर्थन जताया।
अभियान का नेतृत्व जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछले कई महीनों से यात्री ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे द्वारा मालगाड़ियों को प्राथमिकता दिए जाने के कारण यात्री ट्रेनों को रास्ते में लंबे समय तक रोका जा रहा है। इससे यात्रियों का समय बर्बाद हो रहा है और यात्रा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
रेल यात्री संघर्ष समिति ने कहा कि ट्रेन संचालन व्यवस्था में सुधार नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा। समिति के सदस्यों ने बताया कि आने वाले दिनों में शहर के अलग-अलग इलाकों में भी अभियान चलाकर लोगों को जोड़ा जाएगा।
अभियान में शामिल लोगों ने मांग की कि यात्री ट्रेनों को समय पर चलाने के लिए रेलवे प्रशासन जल्द ठोस कदम उठाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।