बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड के लुगाहारा गांव में जंगली हाथी के अचानक पहुंचने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मैदान में दोस्तों के साथ मौजूद एक युवक ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई, जबकि हाथी ने उसकी बाइक को नुकसान पहुंचा दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, सोनू महतो नामक युवक गांव के पास मैदान में अपने दोस्तों के साथ था। इसी दौरान वहां एक जंगली हाथी पहुंच गया। हाथी को देखते ही युवक जान बचाने के लिए मौके से भाग निकला और अपनी बाइक वहीं छोड़ दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी ने गुस्से में बाइक को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अक्सर जंगली हाथियों की आवाजाही होती रहती है, जिससे ग्रामीणों में डर बना रहता है।
वन विभाग और ग्रामीणों ने लोगों से अपील की है कि जंगली जानवरों के करीब जाने या उनके साथ फोटो और वीडियो बनाने की कोशिश न करें। अधिकारियों ने कहा कि हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि वे कभी भी आक्रामक हो सकते हैं।