खूंटी, झारखंड – झारखंड के खूंटी जिले में भारी बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। तोरपा प्रखंड स्थित बनई नदी पर बना एक पुल बुधवार रात अचानक ढह गया। पुल पर उस समय एक ट्रक गुजर रहा था, जो पुल के साथ ही नीचे गिरने ही वाला था, लेकिन चालक की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही पुल का हिस्सा ध्वस्त हुआ, ट्रक का अगला हिस्सा नीचे झुक गया। चालक ने तुरंत ब्रेक लगाकर स्थिति को संभाला, जिससे वाहन नदी में गिरने से बच गया। इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।
प्रशासन मौके पर, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुल के ढहने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी है।
झारखंड में रेड अलर्ट जारी
इस घटना के बीच मौसम विभाग ने झारखंड के छह जिलों—जिसमें रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं—के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अत्यधिक तेज बारिश, आंधी और तूफान की संभावना जताई है और लोगों से घरों में रहने व सतर्क रहने की अपील की है।