Responsive Menu
Add more content here...

कोलवादिया गांव में एक वर्ष से बंद दो जल मीनार, ग्रामीणों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा — शिकायतों के बाद भी नहीं हुई मरम्मत

Spread the love

चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह)
चाकुलिया प्रखंड के लोधाशोली पंचायत के कोलवादिया गांव में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। गांव के दोनों टोला में स्थापित जल मीनार पिछले एक वर्ष से खराब पड़े हैं, जिसके कारण ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि एक जल मीनार पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा बनवाई गई थी, जबकि दूसरा 15वें वित्त आयोग की राशि से पंचायत मुखिया के माध्यम से निर्माण हुआ था। दोनों ही जल मीनार लंबे समय से बंद पड़े हैं, लेकिन अब तक विभाग या पंचायत स्तर से मरम्मत की कोई पहल नहीं की गई है।

पेयजल आपूर्ति बाधित होने के कारण ग्रामीणों को दूर-दराज के हैंडपंपों या नदी-नालों से पानी लाना पड़ रहा है। इससे खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।

स्थानीय ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्होंने कई बार इस समस्या की शिकायत पेयजल विभाग के अधिकारियों, मुखिया और पंचायत प्रतिनिधियों से की, पर कोई सुनवाई नहीं हुई।

ग्रामवासियों — संतोष गोप, विश्वनाथ गोप, लखी गोप, मनोहर गोप, सुशील गोप, आलो गोप और संतरा गोप — ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द जल मीनारों की मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे मजबूर होकर सामूहिक रूप से प्रखंड कार्यालय का घेराव करेंगे।