Responsive Menu
Add more content here...

बहन की स्मृति और रतन टाटा की पुण्यतिथि को समर्पित किया एसडीपी रक्तदान — डॉक्टर जी. बी. आर. सी. शर्मा

Spread the love

जमशेदपुर।
एक भावनात्मक पल में टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) के न्यूरो विभाग के वरीय रजिस्ट्रार डॉक्टर जी. बी. आर. सी. शर्मा ने अपनी स्वर्गीय बहन सागरी संध्या के जन्मदिन और भारत के महान उद्योगपति, पद्म विभूषण रतन टाटा की प्रथम पुण्यतिथि को एसडीपी रक्तदान के रूप में समर्पित किया।

टीम पीएसएफ और जमशेदपुर ब्लड सेंटर के आह्वान पर आयोजित इस विशेष रक्तदान अभियान में डॉक्टर शर्मा ने अपना 14वां एसडीपी रक्तदान पूरा किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “मेरे लिए यह गर्व का क्षण है कि मैंने रतन टाटा जी की प्रेरणादायी सोच से प्रभावित होकर वर्ष 2015 में टीएमएच से जुड़ने का निर्णय लिया था। रतन टाटा भारतीय समाज के लिए एक आदर्श हैं, जिनसे हमें निस्वार्थ सेवा की भावना सीखनी चाहिए।”

डॉक्टर शर्मा ने बताया कि उनकी बहन सागरी संध्या समाजसेवा के प्रति गहरी आस्था रखती थीं। वे अपने वेतन का लगभग 70 प्रतिशत पशुओं की सेवा और देखभाल में खर्च करती थीं। डॉक्टर शर्मा ने भावुक होकर कहा, “मेरी बहन की वही संवेदनशीलता मुझे टाटा घराने की मानवीय सोच से जोड़ती है। आज का यह रक्तदान उनके प्रति श्रद्धांजलि और रतन टाटा जी के प्रति सम्मान दोनों है।”

इस अवसर पर टीम पीएसएफ के सदस्य कुमारेस हाजरा, रवि शंकर, मोहम्मद दानिश, श्याम शंकर मुखर्जी ने भी एसडीपी रक्तदान किया। इन पाँच रक्तदाताओं के योगदान से टीम पीएसएफ ने अब तक 1682 यूनिट एसडीपी रक्तदान पूरा कर समाजसेवा का एक नया रिकॉर्ड बनाया है।

कार्यक्रम के दौरान डॉक्टर शर्मा की पुत्री एलिना ऋतिशा, जमशेदपुर ब्लड सेंटर के जीएम संजय चौधरी, तकनीशियन सुबीर, धीरज और रतन, तथा टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार, उत्तम कुमार गोराई और शुभेंदु मुखर्जी उपस्थित रहे।