Advertisement

योजना के नाम पर 100 रुपये की अवैध वसूली का आरोप
बहरागोड़ा | संवाददाता: बहरागोड़ा प्रखंड की पाथरा पंचायत अंतर्गत भालूकखुलिया गांव में मैया सम्मान योजना के नाम पर महिलाओं से अवैध वसूली किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। गांव की महिलाओं के अनुसार, योजना का फॉर्म भरवाने के नाम पर उनसे 100 रुपये प्रति आवेदन वसूले जा रहे हैं।
गांव-गांव घूमकर पैसे मांगने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि करण चंद्र सोरेन पंचायत से मैया सम्मान योजना के फॉर्म और सत्यापित कागजात लेकर गांव-गांव घूम रहे हैं और महिलाओं से ऑनलाइन आवेदन कराने के नाम पर पैसे की मांग कर रहे हैं। इस घटना से गांव की महिलाएं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
पंचायत सचिव पर लगे गंभीर आरोप
ग्राम प्रधान फकीर चंद्र टुडू ने इस पूरे मामले में पंचायत सचिव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिव के निर्देश पर ही एक सामान्य ग्रामीण युवक के माध्यम से गरीब महिलाओं से अवैध वसूली की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि करण चंद्र सोरेन न तो मुखिया हैं और न ही पंचायत के किसी पद पर, फिर उन्हें सरकारी फॉर्म वितरित करने का अधिकार कैसे दिया गया।
महिला मुखिया वाली पंचायत में वसूली पर सवाल
ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया कि पाथरा पंचायत की मुखिया स्वयं एक महिला हैं, इसके बावजूद महिलाओं से पैसे मांगे जाना बेहद दुखद और निंदनीय है। ग्रामीणों ने इसे गरीब महिलाओं के साथ अन्याय बताया है।
मुखिया का बयान, जांच की बात
पाथरा पंचायत की मुखिया राधी मुर्मू ने कहा कि वे फिलहाल बारीपदा में हैं और उन्हें इस मामले की जानकारी अभी तक नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि पैसे मांगने का मामला सामने आया है तो इसकी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
पंचायत सचिव का पक्ष नहीं मिल सका
इस मामले में पंचायत सचिव बबलू सोरेन से संपर्क करने की कई बार कोशिश की गई, लेकिन दूरभाष पर संपर्क नहीं होने के कारण उनका पक्ष नहीं मिल सका।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में सरकारी योजनाओं के नाम पर गरीब महिलाओं से इस तरह की अवैध वसूली पर रोक लगाई जा सके।